top of page

आलोड़न

  • nirajnabham
  • Nov 21, 2021
  • 1 min read

चुनते-चुनते खार चमन में

आँख में लाली छिटकी है

जब भी कोई फूल खिला

एक साँस सी दिल में अंटकी है।

धुआँ धुआँ सा फैला अग-जग

प्यास गले में अंटकी है

बिसर गई थी बात जो दिल से

राह में अब तक भटकी है।

कौन यहाँ किसकी सुनता है

जान सभी की अंटकी है।

ऊँघ रहा है कोना-कोना

उबासी दीवार पर लटकी है।

आ जाए शायद किरण कोई

धीमे से खिड़की यूँ खोला

कौंध गया कोना-कोना

फिर झटके से दीवार हिली

संग सदियों का विश्वास हिला

नीड़ में बैठा कोई पंछी

दुबका फिर पंख पसार चला


खोल खिड़कियाँ सभी दिशा की

धुआँ-धुआँ भर जाने दो

होता यदि और घना है तो

अँधियारा यूँ ही बढ़ने दो

दृष्टि में चाहत भर-भर लो

मुक्त कल्पना हो जाने दो।

इस उथल-पुथल अँधियारे में

सृष्टि का है बीज छुपा

झिझको मत बाहें फैला दो

धरती और आकाश आज

दूर क्षितिज पर मिल जाने दो।

दीप जलाओ देहरी पर, जी भर

सुनता क्या है आँखों की

दिल पर भी विश्वास करो

आग बुझेगी जल कर ही

अरमानों को आग लगाने दो

लट बिखरा लो कंधों पर

बिजली को और चमकने दो

मन आँगन धरती डूबे

बादल को टूट बरसने दो।

Recent Posts

See All
सामर्थ्यहीन शब्द

कर पाते व्यक्त अंतर्द्वंद्व, शब्द  उन पलों के जब होता है संदेह अपनी ही उपलब्धियों पर खड़ा होता है अपने ही कठघरे में अपने ही सवालों से नज़र...

 
 
 
मानवता का छाता

जब-जब देता है कोई मानवता की दुहाई धिक्कारती है मानवता हो जाने दे अर्थहीन गुम जाने दे शब्द- मानवता। सँजोने को निजता प्रमाणित करने को...

 
 
 
वे दिन ये दिन

कितने लापरवाह थे दिन वे भी कितना पिघल आता था हमारे बीच जब खीजती थीं तुम और गुस्सा होता था मैं फिर किसी छोटे से घनीभूत पल में जाता था जम...

 
 
 

Comments


9760232738

  • Facebook
  • Twitter
  • LinkedIn

©2021 by Bhootoowach. Proudly created with Wix.com

bottom of page